मण्डला - अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का 138वां
स्थापना दिवस जिला मुख्यालय में गरिमापूर्ण आयोजन में
भव्यता के साथ मनाया गया। स्थानीय सत्कार सेलिब्रेशन में आयोजित इस कार्यक्रम की
शुरुआत झंडा वंदन के साथ हुई। जिला कांग्रेस अध्यक्ष एड राकेश तिवारी, जिला प्रभारी दिनेश यादव, बिछिया विधायक नारायण सिंह
पट्टा, निवास विधायक डॉ अशोक मर्सकोले सहित जिला, ब्लॉक, मंडलम, सेक्टर, बूथ पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में झंडावंदन कर वंदे मातरम
गायन किया गया। इसके पश्चात राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के तैलीय चित्र पर माल्यार्पण
कर मंचीय कार्यक्रमों की शुरुआत की गई।
कांग्रेस का इतिहास, हमारी
धरोहर डॉक्युमेंट्री का हुआ प्रदर्शन
कार्यक्रम के प्रारंभ में कांग्रेस पार्टी के 138
सालों के गौरवशाली इतिहास को समाहित करते हुए बनाई गई डॉक्युमेंट्री
का प्रदर्शन वीडियो स्क्रीन के माध्यम से किया गया। 1885 में
कांग्रेस की स्थापना आजादी के संघर्ष आधुनिक भारत का निर्माण और विकसित भारत की ओर
बढ़ते कदम को इस डॉक्युमेंट्री के माध्यम से समझाने का प्रयास किया गया।
चार सत्रों में आयोजित हुआ प्रशिक्षण
कार्यक्रम के दौरान चार प्रशिक्षण सत्रों का आयोजन हुआ।
जिसमें सबसे पहले एड संजय चौरसिया जी ने ओबीसी अधिकार वर्तमान चुनौतियां व संघर्ष
विषय पर उपस्थित कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। दूसरे सत्र में डॉ आलोक
चंसोरिया जबलपुर ने कांग्रेस का इतिहास संघर्ष सेवा समर्पण विषय पर कार्यकर्ताओं
का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कांग्रेस के 138 वर्षों
के संघर्ष को विस्तार से समझाया और आगामी चुनौतियों से निपटने के लिए आवश्यक
तथ्यों की जानकारी दी। तीसरे सत्र में बैतूल से आये विषय विशेषज्ञ अनिल गर्ग ने
पेसा एक्ट वनाधिकार कानून व भू राजस्व संहिता विषय पर प्रशिक्षण दिया। उन्होंने
तीनों विषयों पर बिन्दुवार जानकारी देते हुए इनमें क्या किया जाना है भविष्य में
हमारे क्या कदम होने चाहिए आदि विषय को विस्तार से समझाया। चौथे सत्र में आदिवासी
अधिकार विषय पर बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा व निवास विधायक डॉ अशोक मर्सकोले
ने कार्यकर्ताओं का विशेष मार्गदर्शन किया।
अगला स्थापना दिवस मप्र में सरकार बनाने के साथ मनाएंगे
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए पूर्व
कैबिनेट मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि कार्यकर्ताओं की ये अपार उपस्थिति इस
बात का संकेत है कि मप्र में ऐतिहासिक बहुमत से कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है।
कांग्रेस का इतिहास संघर्ष का इतिहास है, लाखों
करोड़ों शहादतों के बाद हमने आजादी पाई। देश के विकास को नई दिशा दी और विकास की
दशा को मजबूत किया। आधुनिक भारत हमारी कांग्रेस की देन है। आज ये सत्तालोभी लोग
देश मे नफ़रत बांटकर देश को तोड़ने का काम कर रहे हैं मप्र में जंगलराज भ्रष्टाचार
का राज हो गया है। हम सबको मिलकर मप्र के इस अंधकार को मिटाना है और ये सब तभी
संभव है जब हमारे गांव गांव शहर शहर के कार्यकर्ता सेवा समर्पण संघर्ष के उस
इतिहास को फिर से दोहराएंगे जो हमने देश की आजादी के लिए किया था। उन्होंने और भी
अनेक विषयों पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। इस दौरान जिला अध्यक्ष एड राकेश
तिवारी, जिला प्रभारी दिनेश यादव, बिछिया
विधायक नारायण सिंह पट्टा, निवास विधायक डॉ अशोक मर्सकोले ने
भी उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित कर मार्गदर्शन दिया। मंच संचालन वरिष्ठ नेता
राजेश कछवाहा द्वारा किया गया एवं आभार प्रदर्शन शहर अध्यक्ष अभिनव चौरसिया द्वारा
किया गया। इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता
उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment