मण्डला-सिवनी जिला को जोडऩे 2KM का मार्ग जर्जर, ग्रामीण 10 वर्षो से कर रहे मार्ग निर्माण का इंतजार - newswitnessindia

Breaking

Your Ad Here

Friday, May 28, 2021

मण्डला-सिवनी जिला को जोडऩे 2KM का मार्ग जर्जर, ग्रामीण 10 वर्षो से कर रहे मार्ग निर्माण का इंतजार

मण्डला – मण्डला और सिवनी जिला की सीमा में साल्हेडंडा से बुधेरा पंचायत के ग्राम निचली को जोडऩे वाला दो किमी का मार्ग कच्चा व जर्जर है। पूरा मार्ग पत्थर और मिट्टी से पटा हुआ है।  जिसमें वाहन चलाना मुश्किल होता है। साथ ही वाहनों में टूट-फूट भी हो रही है। हादसे का अंदेशा भी बना रहता है। वर्षों से बनी समस्या का अब तक कोई समाधान नहीं हो पाया है। अब कुछ दिन में बारिश शुरू होने वाली है, जिसके बाद यहां से वाहन निकलना तो दूर पैदल चलना भी दूभर हो जाएगा। 

जानकारी अनुसार साल्हेडंडा से ग्राम निचली को जोडऩे वाले इस मार्ग से करीब 35 हजार लोगों को फायदा होगा। मार्ग बन जाने से आवागमन में सुगम हो जाएगा। मार्ग नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस दो किमी मार्ग के लिए ग्रामीणों द्वारा 10 वर्षो से प्रयास किया जा रहा है। लेकिन इस तरफ किसी का ध्यान नहीं है। बता दे कि बारिश के मौसम में ग्रामीणों को आवागमन करने में काफी परेशानी होती है। बावजूद  इसके जनप्रतिनिधियों सहित प्रशासन द्वारा बहुउपयोगी मार्ग को जोडऩे के लिए कोई पहल नहीं की जा रही है। जबकि इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों ग्रामीण आवागमन करते हैं। जर्जर सड़क से उन्हें परेशानी होती है। स्थानीय लोगों ने मार्ग को पक्का बनाए जाने की मांग की है, जिससे वर्षों से बनी ग्रामीणों की समस्या से निजात मिल सके।

ग्रामीणों ने बताया कि मण्डला जनपद के साल्हेडंडा तक पक्का सड़क मार्ग है। यहां सिवनी जिला बुधेरा पंचायत के ग्राम निचली को जोडऩे दो किमी का मार्ग कच्चा है। ग्राम पंचायत साल्हेडंडा मिडिल स्कूल के पास पुलिया से आंगनवाडी केन्द्र से होते हुए प्राथमिक उन्नयन शाला कालोनीटोला की आखिरी सीमा तक सड़क का निर्माण कार्य किया जाना है। यहां से विकासखंड घंसौर के अधिकांश गांव के ग्रामीण मण्डला मुख्यालय आते है। यहां के ग्रामीण मण्डला बाजार से ही खरीददारी करते है।  

ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग के बन जाने से करीब 35 हजार की आबादी को आवागमन में सुविधा होगी। यहां से दो दर्जन गांव के ग्रामीण साईकिल, पैदल और मोटरसाईकिल से आना जाना करते है। स्कूल, कॉलेज व रोजमर्रा की जरूरत और ईलाज समेत अन्य कार्यो के लिए मण्डला आने में ग्रामीणों को दो किमी के मार्ग में परेशानी का सामना करके जाना पड़ता है। 

कई बार की शिकायत, ग्रामीणों में रोष :

साल्हेडंडा से ग्राम निचली के सड़क निर्माण मांग ग्रामीण करीब 10 साल से कर रहे है। मार्ग निर्माण को लेकर ग्राम झिंझरई की सरस्वती चौधरी द्वारा मण्डला जिला प्रशासन को कई बार शिकायत कर चुकी है। इसके लिए संभागायुक्त को भी शिकायत की गई, लेकिन सड़क निर्माण कार्य नहीं किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन इस मार्ग को बीएमडब्ल्यू मार्ग ही बना दे। जिससे मार्ग ना बनने तक आवाजाही में परेशानी का सामना ना करना पड़े। लेकिन इस ओर भी प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है। जिसके कारण ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। मार्ग निर्माण के लिए सांसद को भी पत्र लिखकर अवगत कराया गया था। लोकसभा क्षेत्र मण्डला होने के कारण सांसद से ग्रामीणों को आस थी लेकिन सांसद एवं केन्द्रीय राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते ने भी दो किमी के मार्ग को नहीं बनवा सके। 

इनका कहना है

अनेको बार दोनो जिले को जोडऩे वाले मार्ग के लिए मांग  की गई लेकिन अभी तक मार्ग निर्माण नही हुआ है। हमारे मौलिक अधिकारों का हनन हो रहा है, जिला प्रशासन से मांग है कि बारिश के पूर्व सड़क निर्माण कराकर लोगो को सुविधा प्रदान की जाए। जिससे ग्रामीणों को आवाजाही में परेशानी का सामना ना करना पड़े। 

नारायण सिंह पटेल, समाज सेवी

सड़क निर्माण को लेकर कई बार प्रशासन, जनप्रतिनिधि और सांसद को भी पत्र लिखकर अवगत कराया गया है, लेकिन कोई इस मार्ग की तरफ ध्यान नहीं दे रहा है। प्रशासन को ग्रामीणों की इस समस्या का निराकरण जल्द करना चाहिए। 

सरस्वती चौधरी, ग्रामीण

साल्हेडंडा से ग्राम निचली के बीच दो किमी सड़क मार्ग बनने से ग्रामीणों को फायदा होगा। यहां की करीब 35 हजार की आबादी और दो दर्जन से अधिक गांव को आवागमन में आसानी होगी। प्रशासन इस मार्ग को जल्द बनाना चाहिए।

जानकी प्रसाद बरकड़े, पूर्व सरपंच, झिंझरई

दोनों जिलों की सीमा को जोडऩे वाला मार्ग वर्षो से जर्जर था, जिसके कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, फिलहाल 220 मीटर सिवनी जिले का मार्ग का निर्माण हो चुका है, अब मण्डला जिला की सीमा का मार्ग निर्माण शुरू होना चाहिए। 

कपिल पटेल, कांग्रेस महामंत्री केदारपुर, मण्डला


No comments:

Post a Comment